सेल ने दुबई में खोला प्रतिनिधि कार्यालय

नई दिल्ली/दुबई, 03 जुलाई (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र की दिग्गज इस्पात कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने वैश्विक उपस्थिति बढ़ाने के लिए दुबई में प्रतिनिधि कार्यालय खोला है।

वार्षिक दो करोड़ टन कच्चा इस्पात उत्पादन करने की क्षमता रखने वाली इस कंपनी की ओर से गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार यह सेल का पश्चिम एशिया में पहला अंतरराष्ट्रीय कार्यालय है, जो कंपनी की वैश्विक विस्तार रणनीति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सेल के इस सम्पर्क कार्यालय का उद्घाटन केंद्रीय इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने दुबई में दो जुलाई को आयोजित कार्यक्रम में किया। इस अवसर पर भारत के महावाणिज्यदूत सतीश कुमार सिवन, सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अमरेंदु प्रकाश, एनएमडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अमिताव मुखर्जी, इस्पात मंत्रालय के संयुक्त सचिव वी.के. त्रिपाठी, और सेल, इस्पात मंत्रालय, एनएमडीसी तथा मेकॉन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि दुबई में स्थापित यह रणनीतिक केंद्र, सेल को इस्पात निर्यात को बढ़ावा देने, प्रमुख उद्योग संबंधों को गहरा करने और भारत-यूएई व्यापार संबंधों को मजबूत करने में मदद करेगा। यह पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका (मेना) क्षेत्र के प्रवेश द्वार के रूप में दुबई की भूमिका और इसका निवेशक-अनुकूल वातावरण को देखते हुए, सेल के लिए उभरते बाजारों में विस्तार के लिए एक अनुकूल आधार प्रदान करेगा।

भारत ने 2030 तक 30 करोड़ टन वार्षिक इस्पात उत्पादन क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है और सेल विश्व-प्रतिस्पर्धी इस्पात निर्माता के रूप में उभरी है। इस दिशा में यह कार्यालय एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। कंपनी का कहना है कि यह अंतरराष्ट्रीय इस्पात क्षेत्र में भारत की बढ़ती हुई साख को दर्शाता है।

Next Post

रिलायंस रिटेल ने किया ब्रिटेन की फेसजिम में रणनीतिक निवेश, ब्यूटी प्ले को करेगी मजबूत

Thu Jul 3 , 2025
मुंबई, 3 जुलाई (वार्ता) रिलायंस उद्योग समूह की खुदरा व्यवसाय कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) ने गुरुवार को ब्रिटेन की फेसजिम में अल्पांश वाले रणनीतिक निवेश की घोषणा की। फेसजिम चेहरे की फिटनेस और त्वचा की देखभाल के क्षेत्र में नयी दिशा देने वाला एक अग्रणी वैश्विक ब्रांड है। […]

You May Like