रिलायंस रिटेल ने किया ब्रिटेन की फेसजिम में रणनीतिक निवेश, ब्यूटी प्ले को करेगी मजबूत

मुंबई, 3 जुलाई (वार्ता) रिलायंस उद्योग समूह की खुदरा व्यवसाय कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) ने गुरुवार को ब्रिटेन की फेसजिम में अल्पांश वाले रणनीतिक निवेश की घोषणा की। फेसजिम चेहरे की फिटनेस और त्वचा की देखभाल के क्षेत्र में नयी दिशा देने वाला एक अग्रणी वैश्विक ब्रांड है। कंपनी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि यह निवेश उच्च-विकास वाले सौंदर्य और कल्याण क्षेत्र में आरआरवीएल के निरंतर विस्तार में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस रणनीतिक भागीदारी के तहत मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस समूह की कंपनी अगले पांच वर्षों में भारत में फेसजिम की उपस्थिति स्थापित करेगी और उसका विस्तार करेगी। कंपनी इसके लिए प्रमुख शहरों में रिलायंस रिटेलवेंचर्स के चुनिंदा तीरा स्टोर्स के भीतर स्टैंडअलोन स्टूडियो और विशेष रूप से बनायी गयी जगह के मिश्रण के माध्यम से फेसजिम को प्रस्तुत करेगी।

तीरा की सह-संस्थापक और सीईओ भक्ति मोदी ने कहा, ‘हम अपने पोर्टफोलियो और भारत में फेसजिम का स्वागत करते हैं, और इस गतिशील बाजार में इसकी अपार विकास क्षमता को प्रस्तुत करने को लेकर उत्साहित हैं।’

फेसजिम के सीईओ एंजेलो कास्टेलो ने कहा, ‘रिलायंस जैसे अग्रणी समूह के साथ यह साझेदारी गतिशील भारतीय बाजार में हमारी उपस्थिति स्थापित करके हमारे वैश्विक विस्तार के लिए उत्प्रेरक का काम करेगी।’

रिलायंस रिटेल वेंचर्स लि भारत में 19340 स्टोर और आनलाइन मंचों के माध्यम से बिक्री करती है। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में करीब 3.31 लाख करोड़ रुपये का करोबार कर के 25000 करोड़ रुपये से अधिक का परिचालन लाभ दिखाया था।

फेसजिम ने 2014 में अपना पहला स्टूडियो सेल्फरिजेज में खोला था और अब लंदन, न्यूयार्क और लॉसएंजिल्स जैसे बाजारों में उपस्थित है।

 

Next Post

विकासशील देशों को साथ लेकर चले बिना दुनिया में प्रगति नहीं हो सकती : मोदी

Thu Jul 3 , 2025
अक्कारा/नयी दिल्ली 03 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बदलती परिस्थितियों में वैश्विक शासन में विश्वसनीय और प्रभावी सुधारों की जरूरत पर बल देते हुए हुए कहा है कि विकासशील देशों को साथ लेकर चले बिना दुनिया में प्रगति नहीं हो सकती। श्री मोदी ने गुरूवार को यहां घाना की […]

You May Like

Play sound