
सीहोर. बुधवार की सुबह स्टेट हाईवे स्थित ग्राम गुड़भेला के समीप जा रही बुलेरो में अचानक आग लग गई. चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को रोका और उसमें सवार लोगों ने बाहर कूदकर जान बचाई.
जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह इंदौर की ओर जा रही बुलेरो जब ग्राम गुड़भेला के समीप से गुजर रही थी तभी उसमें आग भड़क उठी. आग देखकर चालक ने वाहन रोका लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था. सवारियों ने कूदकर अपनी जान बचाई. ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत मंडी थाने को दी. थाना प्रभारी मायासिंह द्वारा आगजनी की खबर मिलते ही दमकलों को मौके पर भेजा गया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. थाना प्रभारी ने बताया कि इंदौर की ओर जा रही बुलेरो उद्यानिकी विभाग में अटैच है. आगजनी का कारण फिलहाल अज्ञात है.
