प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर मेलबर्न पहुंच गए हैं। यहां वे 40 हजार भारतीयों को संबोधित करेंगे और पीएम अल्बनीज के साथ व्यापारिक व रक्षा समझौतों पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इंडो-पैसिफिक सामरिक दौरे के अगले चरण में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर पहुंच गए हैं। भारतीय समयानुसार बुधवार रात करीब 8 बजे जब पीएम मोदी का विमान मेलबर्न की धरती पर उतरा, तो वहां मौजूद भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा ने ‘वंदे मातरम’ की मधुर प्रस्तुति दी, जिससे माहौल और भी शानदार हो गया।
ऑस्ट्रेलियाई में भारतीय संस्कृति का संगम
पीएम मोदी के स्वागत के लिए मेलबर्न में भारतीय संस्कृति और ऑस्ट्रेलियाई परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध डिडगेरिडू वादक रॉन मरे और विख्यात तबला वादक डॉ. सैम इवांस ने अपनी जुगलबंदी से प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। यह दौरा न केवल राजनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह दोनों देशों के बीच बढ़ते सांस्कृतिक जुड़ाव को भी प्रदर्शित करता है।
ट्रेड डील पर नजर
गुरुवार को पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक का मुख्य केंद्र दोनों देशों के बीच होने वाली ट्रेड डील है। इसके अलावा, रणनीतिक सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण रक्षा समझौते पर भी सहमति बन सकती है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए अहम होगा।
प्रधानमंत्री भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भी शिरकत करेंगे, जहां वे दोनों देशों के दिग्गज कारोबारियों को संबोधित कर भारत में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
यूरेनियम को लेकर चर्चा
भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और 2070 तक ‘नेट-जीरो’ लक्ष्य को हासिल करने के लिए परमाणु ऊर्जा पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। इसके लिए भारत को भारी मात्रा में यूरेनियम की आवश्यकता है। चूंकि ऑस्ट्रेलिया के पास दुनिया के सबसे बड़े यूरेनियम भंडारों में से एक है, इसलिए इस दौरे पर परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भी चर्चा होने की प्रबल संभावना है।
40 हजार भारतवंशियों का ‘महाकुंभ’
दौरे का सबसे चर्चित हिस्सा मेलबर्न के ऐतिहासिक मार्वल स्टेडियम में आयोजित होने वाला ‘मीट मोदी’ कार्यक्रम है। अनुमान है कि इस स्टेडियम में लगभग 40,000 भारतीयों प्रधानमंत्री को सुनने के लिए जुटेंगे। यह कार्यक्रम विदेशी धरती पर मोदी की लोकप्रियता और भारतीय प्रवासियों की बढ़ती ताकत का प्रतीक माना जा रहा है।
धमकी के बाद अलर्ट
प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। हाल ही में फेसबुक पर ‘अबू मुस्तफा’ नामक अकाउंट से प्रधानमंत्री को जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसकी जांच ऑस्ट्रेलिया की फेडरल पुलिस (AFP) कर रही है। इस धमकी को देखते हुए स्टेडियम और प्रधानमंत्री के आवाजाही वाले रूट पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
इससे पहले, पीएम मोदी ने इंडोनेशिया का दौरा किया, जहां उन्होंने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ प्राचीन प्रम्बानन हिंदू मंदिर का दौरा किया और मंदिर के जीर्णोद्धार परियोजना का उद्घाटन किया। मेलबर्न के बाद, प्रधानमंत्री 11 जुलाई को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।
