
खिलचीपुर। रविवार को खिलचीपुर में एक डॉग के हमले में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया जहां उनका उपचार किया गया. डॉग द्वारा भाई पर हमला करने पर समीप मौजूद बहन डॉग से भिड़ गई. डॉग के हमले में दोनों घायल हो गये.
जानकारी के अनुसार खिलचीपुर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित सोमवारिया क्षेत्र में यह घटना हुई. जहां पर मजदूरी का कार्य करने वाले सुरेश राव के बच्चे क्रिश और लीजा सुबह के समय अपनी बुआ के घर के बाहर खेल रहे थे तभी एक आवारा डॉग आया और बालक क्रिश पर हमला कर दिया. उसके सिर में नोंच लिया, जिससे खून बहने लगा. भाई को बचाने समीप मौजूद उसकी बहन 8 वर्षीय लीजा कुत्ते से भिड़ गई. वह कुत्ते से लड़ती रही, इस बीच कुत्ते ने उस पर भी हमला किया. आसपास मौजूद लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे तथा कुत्ते को भगाया.
जिला चिकित्सालय ले जाया गया
घटना की जानकारी लगते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे. बच्चों को तुरंत खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उचित उपचार हेतु इनको राजगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया. डॉक्टर के अनुसार बच्चे के सिर में गंभीर चोट है. जबकि बालिका के हाथ, चेहरे और सिर पर चोट आई है, दोनों बच्चों की स्थिति अब बेहतर बताई जा रही है.
परमसिटी कॉलोनी में पालतू डॉग का हमला
स्ट्रीट डॉग ही नहीं अब पालतू डॉग के द्वारा भी हमला करने की घटनाएं सामने आ रही है. ऐेसे ही एक घटनाक्रम में ब्यावरा स्थित परमसिटी कॉलोनी में रविवार को एक पालतू डॉग ने एकाएक हमला कर दिया. डॉग के हमले में चार बच्चे घायल हो गये, इनमें एक बच्चा गंभीर रुप से घायल हो गया. परिजन बच्चों को तुरंंत डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे जहां उनका उपचार किया गया.
डॉग के हमलो से दहशत का वातावरण
विगत दिवस नरसिंहगढ़ क्षेत्र में डॉग के हमले के मामले सामने आये थे. 2 जनवरी को नरसिंहगढ़ अस्पताल में डॉग के काटने के मामले आये थे. जानकारी के अनुसार ग्राम मवासा, गनियारी, खेड़ी गांव में डॉग ने हमला किया था. जिले में आये दिन डॉग के हमले की घटनाओं से दहशत का वातावरण बना हुआ है. छोटे-छोटे बच्चों के घर से बाहर निकलने में भी भय बना रहता है.
चौराहों, सार्वजनिक जगहों पर डॉग का आतंक
जिले में कुत्तों का कितना आतंक बना हुआ है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नवम्बर माह में जिले भर में कुत्ते के काटने के 720 मामले आये. नगर में चौराहों, सार्वजनिक स्थानों, कॉलोनियों, गली-मोहल्लों में अनेक जगह पर कुत्तो का आतंक है. मुख्य मार्गो, कॉलोनियों, गली-मोहल्लों में कई ऐसी जगह है जहां पर से निकलने वाले वाहन चालकों, पैदल राहगीरों के पीछे कुत्ते दौड़ते हुए काट लेते हैै. कुत्तों के बढ़ते आतंक के चलते कई जगह छोटे-छोटे बच्चों को लोग अकेला घर से बाहर नहीं जाने देते है. हाथों में कोई सामान या खाद्य सामग्री होती है तो उसको भी कुत्ते झटपते हुए काट लेते है.
गौवंश पर भी डॉग के हमले की घटनाएं
जिला मुख्यालय राजगढ़ के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में बेसहारा गौवंश पर डॉग के हमले की घटनाएं बढ़ी है. आये दिन डॉग छोटे-छोटे बछड़ो पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे है. ग्रामीण क्षेत्र एवं हाईवे पर आये दिन डॉग गौवंश के बछड़ो पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे है. बटेरी माता के समीप, पीपलबे आश्रम, बानपुर के आसपास आदि स्थानों पर डॉग के झुंड के झुंड देखे जा सकते है, जिनके द्वारा आये दिन बेसहारा गौवंश को निशाना बनाया जा रहा है.
