बीकॉम प्रथम वर्ष के 16 में से 14 विद्यार्थी हिन्दी में फेल, परिणाम पर उठे सवाल

पिपलियामंडी। शासकीय महाविद्यालय पिपलियामंडी के बीकॉम प्रथम वर्ष के हिन्दी विषय के परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में भारी नाराजगी है। महाविद्यालय के 16 विद्यार्थियों में से 14 को हिन्दी विषय में अनुत्तीर्ण घोषित किए जाने के बाद विद्यार्थियों ने मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए विक्रम विश्वविद्यालय से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने पूरे वर्ष नियमित अध्ययन किया और परीक्षा भी अच्छी हुई थी। इसके बावजूद एक ही विषय में अधिकांश विद्यार्थियों का अनुत्तीर्ण होना समझ से परे है। उनका आरोप है कि कुछ विद्यार्थियों के परिणाम में विषयों की प्रविष्टि तक गलत दर्ज हुई है, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया पर संदेह गहरा गया है।

विद्यार्थियों में प्राची सैनी, राधिका नाटला, मनोज सोनी, आरती पंवार, जान्ह्वी राजपूत, सुजलसिंह राजपूत, अंशु राजपूत, तनीषा माली सहित अन्य ने बताया कि परिणाम से वे मानसिक रूप से परेशान हैं। 12वीं बोर्ड परीक्षा में 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शासन से स्कूटी एवं लैपटॉप प्राप्त करने वाली छात्रा प्राची सैनी भी हिन्दी विषय में अनुत्तीर्ण घोषित होने से हैरान हैं। उनका कहना है कि पेपर अच्छा होने के बावजूद ऐसा परिणाम समझ से बाहर है।

विद्यार्थियों ने यह भी चिंता जताई कि पुनर्मूल्यांकन का परिणाम पूरक परीक्षा के बाद आने की संभावना है। ऐसे में उन्हें यह निर्णय लेने में कठिनाई हो रही है कि पूरक परीक्षा दें या पुनर्मूल्यांकन के परिणाम की प्रतीक्षा करें। उन्होंने विश्वविद्यालय से मामले का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।

आक्रोशित विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। प्राचार्य डी.सी. बोरीवाल ने बताया कि विद्यार्थियों का आवेदन विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन एवं परिणाम विश्वविद्यालय स्तर पर जारी किए गए हैं तथा विद्यार्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने की सलाह दी गई है।

Next Post

कलेक्ट्रेट में बारिश के बीच फरियादी का धरना, मांगों पर अड़ा प्रदर्शनकारी

Wed Aug 5 , 2026
रीवा, कलेक्ट्रेट परिसर में रिमझिम बारिश के बीच एक युवक फरियाद लेकर पहुंचा और बाहर धरने पर बैठ गया. दरअसल मुख्य मार्ग पर दबंगों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को लेकर कई बार शिकायत की गई, बावजूद इसके कोई कार्यवाही नही हुई. जिससे थक हार कर युवक कलेक्ट्रेट परिसर में […]

You May Like