मुंबई, 02 जुलाई (वार्ता) म्यूचुअल फंड वितरकों की दक्षता और कार्यकुशता बढ़ाने के उद्येश्य से द वेल्थ कंपनी ने मूडीज और पीजीपी एकेडमी के साथ मिलकर इस क्षेत्र में पहली बार तीन विशेष गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किये हैं। इनमें से एक कार्यक्रम विशेष रूप से द वेल्थ कंपनी द्वारा विकसित किया गया है।
कंपनी की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार ये प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरी तरह से प्रायोजित हैं और इन्हें डिस्ट्रीब्यूटर को वेल्थ मैनेजमेंट के भविष्य, निवेशकों के व्यवहार और नये जमाने के निवेश प्रोडक्ट के लिए तैयार करने के वास्ते डिज़ाइन किया गया है। इस पहल का लक्ष्य ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर 5,000 डिस्ट्रीब्यूटर को सशक्त बनाना है, जिससे उन्हें लगातार बदलते उद्योग परिदृश्य में गहरा ज्ञान, आत्मविश्वास और विशेषज्ञता हासिल करने में मदद मिल सके।
ये प्रशिक्षण कार्यक्रम जुलाई मध्य से शुरू किये जाएंगे। इसमें 20 सप्ताह में कुल 20 लाइव गहन सत्र होंगे।
इसके अलावा, ‘सम्पत्ति पर चर्चा के मनोविज्ञान’ पर एक अतिरिक्त सत्र भी होगा, जिसे विशेष रूप से द वेल्थ कंपनी ने विकसित किया है। द वेल्थ कंपनी की प्रबंध निदेशक मिस मधु लूणावत ने कहा कि डिस्ट्रीब्यूटर भारत के म्यूचुअल फंड उद्योग की रीढ़ हैं। ये प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें कल के निवेशकों की सेवा के लिए आवश्यक उपकरण, आत्मविश्वास और ज्ञान प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किये गये हैं।
