बोकारो, (वार्ता) हरिद्वार में आयोजित 42वीं ताइक्वांडो आधिकारिक राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करने वाले बोकारो जिले के खिलाड़ियों ने आज उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात की।
राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन 23 से 25 जून तक उत्तराखंड के हरिद्वार में हुआ था। झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए आरआर नृत्यशाला एवं आर्ट्स (वास्तु विहार-5, चिरा चास) की प्राचार्य रजनी पाढ़ी और नॉक आउट अकादमी, सेक्टर 2, बोकारो के कोच रंजन कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप में रेवंत जयेंद्र पाढ़ी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि रितिका और प्रिया ने रजत पदक हासिल किया। खिलाड़ियों को उनके अनुशासन, कठिन प्रशिक्षण और समर्पण के लिए सराहना मिली, जिसने न केवल उनके संस्थानों की क्षमता को उजागर किया, बल्कि राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर झारखंड की बढ़ती उपस्थिति को भी स्थापित किया।
बातचीत के दौरान डीसी अजय नाथ झा ने खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा, ”बोकारो के युवाओं के प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि संसाधनों से ज्यादा समर्पण और मेहनत महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन खेल और खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान करता रहेगा।” इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बन्न और अन्य लोग भी मौजूद थे।
