दतिया: सेवढ़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ढिमरपुरा में आयोजित माता रानी मेला महोत्सव श्रद्धा और संस्कृति का अनूठा संगम है। ऐसे पारंपरिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हैं, युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करते हैं। क्षेत्रीय विधायक प्रदीप अग्रवाल ने यह बात ढिमरपुरा में आयोजित मेले के शुभारंभ अवसर पर कही।
मेला आयोजन के दौरान दंगल कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक प्रदीप अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक ने माता रानी के मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और ग्रामवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।दंगल में भाग लेने आए पहलवानों का स्वागत विधायक ने हाथ मिलाकर किया। दंगल में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया। दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। युवा और बुजुर्गों सहित भारी संख्या में ग्रामीण दर्शकों ने दंगल का आनंद लिया।
