बैतूल: मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के चिचोली में किसानों की समस्याओं और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस के तहसील घेराव के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। तहसील कार्यालय की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। बैरिकेड पार करने के प्रयास पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बाद में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन की शुरुआत बाजार चौक पर आयोजित सभा से हुई, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने किसानों को खाद-बीज वितरण में ई-टोकन व्यवस्था से हो रही परेशानियों, नगर परिषद चिचोली में कथित वित्तीय अनियमितताओं, क्षेत्र में एमडी ड्रग्स एवं अवैध शराब के कारोबार, अघोषित बिजली कटौती, वनाधिकार पट्टों के वितरण सहित विभिन्न जनहित के मुद्दे उठाए। इसके बाद बाजार चौक से जय स्तंभ चौक होते हुए तहसील कार्यालय तक रैली निकाली गई।
तहसील कार्यालय के पहले पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रैली को रोक दिया। कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा बैरिकेड पार करने के प्रयास के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की तथा नारेबाजी हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग कर भीड़ को पीछे हटाया। इसके बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, विधानसभा प्रभारी हर्षवर्धन बघेल, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल पटेल तथा पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी सहित अन्य नेताओं ने किया।ज्ञापन में ई-टोकन व्यवस्था में सुधार, एमडी ड्रग्स और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई, नगर परिषद चिचोली की कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच, वनाधिकार पट्टों का वितरण, अघोषित बिजली कटौती बंद करने, बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने सहित नौ प्रमुख मांगें उठाई गई हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
