
भोपाल. सांसद आलोक शर्मा ने विश्व डाक्टर्स डे पर आयोजित समारोह में मंगलवार को हिस्सा लिया. सांसद शर्मा ने हृदय विभाग की नई ईकोकार्डियोग्राफी मशीन का उद्घाटन किया. उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभिपन अंतर्गत परिसर में औषधीय पौधा भी रोपा. इस अवसर पर संस्थान के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं प्रबंधन के लोग रहे.
इस मौके पर उन्होंने कहा कि भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएमआरसी) में जल्द ही मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा. सांसद शर्मा ने बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ मनीषा श्रीवास्तव को इसका प्रस्ताव बनाने को कहा है. उन्होंने कहा कि भोपाल शहर की आबादी काफी बढ़ गई है. बीएमएचआरसी में गैस पीड़ितों का इलाज लंबे समस्य से चल रहा है. अब इसका विस्तार होना चाहिए। हाल ही में आयुष्मान कार्ड और बीपीएल कार्ड धारकों का इलाज भी बीएमएचआरसी में शुरू किया गया है. लेकिन अब इसके साथ-साथ शहर की जरूरत है कि यहां पर मेडिकल कॉलेज भी खुले और स्वास्थ्य से संबंधित अन्य यूनिट भी स्थापित हों. खासतौर पर केंसर और किडनी के इलाज का केंद्र यहां बने.
सांसद आलोक शर्मा ने बीएमएचआरसी के ऑडिटोरियम में एक गरिमामय समारोह में विश्व डॉक्टर दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉक्टरों का सम्मान किया एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया. गौरतलब है कि भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण हो गए हैं. सांसद आलोक शर्मा ने अस्पताल की अधीक्षिका डॉ मनीषा श्रीवास्तव को कहा कि आप नए प्रोजेक्ट की डीपीआर बनाकर दें. जिससे 100 एकड़ में फैले इस भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल में अब नया मेडिकल कॉलेज खोला जा सके. यहां नया मेडिकल एवं जनरल मेडिसन विभाग की स्वीकृति कराकर जल्द ही दिल्ली से प्रस्ताव पारित कराएंगे.
