
बैतूल। ग्राम चिखलार में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में बैतूल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है। मृतिका की पहचान बबली भुसुमकर (उम्र 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने घर में अकेली रहती थी।
30 जुलाई को गांव के कोटवार मनोज द्वारा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई कि बबली का शव उसके घर में पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम किया। पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया के निर्देशन में एफएसएल टीम और सीन ऑफ क्राइम यूनिट ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की हत्या की गई है, जिसके आधार पर कोतवाली थाना में IPC की धारा 103(1) (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि मृतिका के गांव के ही निवासी गोलू उर्फ देवेश अतुलकर (36 वर्ष) से उसके अवैध संबंध थे। 29 जून की शाम दोनों के बीच हुए विवाद में आरोपी ने लकड़ी के डंडे से सिर व पैर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ़्तार कर हत्या में प्रयुक्त डंडा जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, और आगे की विवेचना जारी है।
