ग्वालियर: सामाजिक समरसता, सदभाव, समाजसेवा एवं पुण्यार्जन की दिशा में विप्रा ब्राह्मण महिला मंच ने आज एक सार्थक प्रयास किया जब विगत दो माह से प्रयागराज महाकुंभ में भाग लेने जा रहे श्रद्धालुओं का सामान अपने कंधों पर ढोकर सुरक्षित पहुंचाने से लेकर कुंभ यात्रियों को ट्रेन में बिठाने का दायित्व निभा रहे कुलियों को सम्मानित किया गया।
ग्वालियर के समाजसेवी संगठन “विप्रा ब्राह्मण महिला मंच” ने यह आयोजन रेलवे स्टेशन पुलिस चौकी के समीप स्थित कुली विश्रामगृह के समीप किया। इस अवसर पर विप्रा ब्राह्मण महिला मंच की अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह भक्ति, श्रद्धा एवं धार्मिक आस्था के साथ समरसता एवं पारस्परिक मेलमिलाप का भी कुंभ है। कुंभ जाने वाले श्रद्धालु ऊंचनीच, भेदभाव एवं पूर्वाग्रह से परे होते हैं। प्रति बारह वर्ष बाद पड़ने वाला यह आयोजन भारत की धार्मिक एकता, सांस्कृतिक व विशिष्ट धार्मिक पहचान का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि रामकाज में गिलहरी की तरह हर व्यक्ति का अपना योगदान होता है और ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर कार्यरत कुलियों ने भी महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओ की सेवा एवं उन्हें निर्विघ्न प्रयागराज तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया है। इसी अभिनव सेवाभावना के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए विप्रा ब्राह्मण महिला मंच ने आज इन सेवाभावी कर्मयोगी कुलियों को सम्मानित कर स्वयं को गौरवान्वित अनुभव किया है। इस अवसर पर लक्ष्मी शर्मा, रश्मि त्रिपाठी, श्रुति उपाध्याय, नीतू उपमन्यु, ज्योति शर्मा, दीप्ति शर्मा, पूनम सूरी, अर्चना शर्मा, प्रज्ञा कविश्वर, स्मिता पांडे, मोहन, आदि मौजूद थीं।
