
इंदौर. शहर में दहेज प्रताड़ना के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. ताजा घटनाओं में तीन विवाहिताओं ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्रकरण दर्ज करवाए हैं.
लसूड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाली निधि विश्वकर्मा ने शिकायत में बताया कि पति पवन और सास मीरा निवासी स्कीम नंबर 114 दहेज में रुपए की मांग कर उसे प्रताड़ित कर रहे हैं. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. इसी तरह हातोद क्षेत्र की आरतीबाई ने पति विष्णु और अन्य पर बरोदापंथ स्थित ससुराल में दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है. वहीं बड़गोंदा थाने में शीतल निवासी बोरखेड़ी ने भी पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है. तीनों मामलों में पुलिस ने दहेज उत्पीड़न की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
