इंदौर: जिले में राजस्व महाअभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है. इसके अंतर्गत तेजी से राजस्व प्रकरण निराकृत हो रहे हैं. कलेक्टर आशीष सिंह ने आज यहां राजस्व अधिकारियों की बैठक में इस अभियान के प्रगति की समीक्षा की.उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित अवधि में लंबित प्रकरण निराकृत किए जाएं. राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अधिकारी पारदर्शिता, ईमानदारी, गुणवत्ता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें.
कार्यों में गति लायें. समन्वय बनाकर कार्य करें. प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी. कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मध्य जुलाई तक सभी प्रकरणों का निराकरण हो जाये. इसके लिये कार्ययोजना बनायी जाये. अधिकारी मैदान में जाकर कार्य करें और उसकी सतत मॉनीटरिंग करें. बैठक में अपर कलेक्टर गौरव बेनल, रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
