
इंदौर. राजस्थान के उदयपुर में रविवार देर रात अशोक ट्रेवल्स की दो बसों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे में करीब दस यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें इंदौर के भी कुछ लोग शामिल बताए जा रहे हैं. घायलों को मौके पर प्राथमिक इलाज देने के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया था.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक ट्रेवल्स की एक बस इंदौर से यात्रियों को लेकर राजस्थान जा रही थी. उदयपुर के समीप तेज रफ्तार होने के कारण सामने से आ रही उसी कंपनी की दूसरी बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में बस के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में घायल हुए यात्रियों में चार से पांच यात्री इंदौर के निवासी बताए जा रहे हैं, हालांकि उनकी पहचान और स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी. हादसे के बाद ट्रेवल्स कंपनी द्वारा वैकल्पिक बस की व्यवस्था कर अन्य यात्रियों को आगे के लिए रवाना किया. मामले में पुलिस जांच कर रही है.
