
शाजापुर शहर के डांसी पुरा रोड़ पर पुराने विवाद के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया । दोनों पक्षों के विवाद का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाएं भी लाठियों से एक दूसरे पर हमला कर रही है। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर अस्पताल में भी मारपीट की। कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। दोनों पक्षों के बीच कुछ दिन पहले भी विवाद हुआ था। दोनों पक्ष पड़ोस में रहते हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी संतोष सिंह वाघेला ने बताया ममता मालवीय पति ओमप्रकाश मालवीय उम्र 50 साल निवासी डांसी रोड पुल के पास ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मैं व मेरे जेठ का लडका अनुराग मालवीय दोनों घर के सामने खड़े थे, तभी वहां पर साधना सिकरवार पति विनोद सिकरवार निवासी महुपुरा आयी और पुरानी रंजिश को लेकर बोली कि तुमने मेरे पति को अस्पताल पहुँचा दिया है। तो मैंने भी जवाब दिया तुमने भी तो मेरे जेठ के साथ मारपीट की थी और इसी बात को लेकर मुझे जाति सूचक शब्दों से संबोधित करते हुए गालियां दी। गालियां देने से मना किया तो साधना सिकरवार ने लकड़ी से मेरे साथ मारपीट की जिससे मुझे दाहिने हाथ की भुजा में, सीधे हाथ की उंगली में, सिर में चोट लगी है । बीच बचाव करने मेरी भोजाई अनिता मालवीय आयी तो उसके साथ भी मारपीट की । इसके अलावा मेरे जेठ का लडका अनुराग मालवीय आया तो साधना सिकरवार की बेटी जिसको छोटू बोलते है, उसने ईट उठाकर मारी जिससे उसकी बाई आंख की भौंह में चोट लगी। इसके अलावा पडोसन को भी धक्का देकर गिरा दिया। कोतवाली पुलिस ने साधना सिकरवार व उसकी लडकी छोटू सिकरवार के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसी प्रकार दूसरे पक्ष की साधना सिकरवार पति विनोद सिंह सिकरवार उम्र 40 साल निवासी डांसी रोड वार्ड नंबर 05 महुपुरा ने शिकायत दर्ज कराई कि मेरी बेटी वैष्णवी को जिला अस्पताल से घर छोड़ने के लिये जा रही थी, तभी मेरे घर के सामने संजू मालवीय मिला उससे मैने बोला कि तुमने मेरे पति को क्यों मारा, तो इसी बात पर से ममता मालवीय पति बबलू मालवीय, संजू मालवीय पिता बबलू मालवीय दोनो मुझे गालियां देने लगे और मेरे साथ डंडे से मारपीट की जिससे मुझे सिर में, दाहिने हाथ की कोहनी में चोट लगी और ममता मालवीय,गोलू मालवीय ने बेटी वैष्णवी सिकरवार के साथ मारपीट की । पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
