
ब्यावरा। शासन द्वारा जहां लाखों, करोड़ो खर्च कर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर से बेहतर सुविधा प्रदान की जा रही है वहीं कुछ ऐसे भी शासकीय स्कूल है जहां तक पहुंचने वाले मार्ग बदहाल स्थिति में होने से विद्यार्थियों को काफी कठिनाइयों का सामना स्कूल पहुंचने में करना पड़ता है. ऐसे ही एक स्कूल के रुप में नगर का शासकीय मॉडल स्कूल है जो कि राजगढ़ रोड पर नयापुरा गांव के पास है. मुख्य मार्ग से स्कूल तक पहुंचने का करीब एक किमी रास्ता पूरी तरह कच्चा होकर दयनीय अवस्था में है. बारिश में यह कीचड़ से पट गया है.
उल्लेखनीय है कि स्थानीय राजगढ़ रोड पर नयापुरा गांव के समीप शासन द्वारा करोड़ो रुपये खर्च कर शासकीय मॉडल स्कूल का नवीन भवन का निर्माण कर वर्ष 2016 से यहां स्कूल प्रारंभ किया गया. स्कूल पहुंचने के लिए राजगढ़ रोड पर रेलवे ब्रीज के समीप से मुख्य मार्ग जाता है. यहां से करीब एक किमी स्कूल तक पहुंचने वाला यह मार्ग आज आठ साल बाद भी कच्चा होकर उबड़ खाबड़ अवस्था में ही है.
मॉडल स्कूल तक पहुंच मार्ग कच्चा होकर उखड़ रहा है. बारिश में मार्ग और भी बदहाल हो जाता है. इससे होने वाली परेशानियों को लेकर वरिष्ठ कार्यालय को अवगत कराया जा चुका है.
दिलीप कुमार शर्मा
बीईओ, शिक्षा विभाग ब्यावरा
