रीवा:अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के पर्यावरण जीव विज्ञान विभाग द्वारा पंडित शंभूनाथ सभागार में एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. कृपा मेहता, डायरेक्टर ऑफ एडमिशन, फाउंडर एंड सी.ई.ओ., अलब्लिट्ज क्रिएटिव कम्युनिकेशन, यू.एस.ए. ने वर्चुअल माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं वैश्विक करियर निर्माण के अवसर प्राप्त करने हेतु उचित एवं किफायती मार्गदर्शन प्रदान किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेन्द्र कुडरिया ने की.
उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए भी प्रयासरत रहना चाहिए. उन्होंने कई नवाचारी अनुसंधानपरक प्रसंगों के माध्यम से छात्रों को प्रेरित किया और कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में युवाओं की अग्रणी भूमिका हो सकती है. भारत विश्व का सबसे युवा देश है और आत्मनिर्भर भारत बनने में अपनी अहम भूमिका का निर्वहन कर रहा है.
