
रीवा।आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष को भव्य रथ यात्रा लक्ष्मणबाग से निकाली गई. बलभद्र और सुभद्रा के साथ नगर का भ्रमण करने भगवान जगन्नाथ निकले. विशेष पूजा अर्चना के बाद बाजे गाजे के साथ रथ यात्रा शुरू हुई. विभिन्न मार्गो से गुजरने के बाद रथ यात्रा स्थानीय मानस भवन पहुंची, जहा रात्रि विश्राम होगा और दूसरे दिन सुबह रथ यात्रा वापस लक्ष्मणबाग पहुंचेगी. जगह-जगह रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया और भगवान जगन्नाथ स्वामी के लोगो ने दर्शन कर प्रसाद प्राप्त किये.
गौरतलब है कि भगवान जगन्नाथ 15 दिन तक बीमार थे और बुधवार को नगर वैद्य ओम प्रकाश पसारी के द्वारा दवाई दी गई. स्वस्थ होने के बाद भगवान को औषधि महास्नान कराया गया था, तत्पश्चात विशेष श्रृंगार हुआ. शुक्रवार को लक्ष्मणबाग में पूजा अर्चना के बाद शाम 4 बजे रथ यात्रा शुरू हुई और किला परिसर पहुंची, जहा पूजा अर्चना की गई. इसके बाद रथ यात्रा फोर्ट रोड़ होते हुए घोड़ा चौराहा पहुंची. जहा पर विंध्य व्यापारी महासंघ द्वारा स्वागत किया गया. अध्यक्ष नरेश काली ने भगवान जगन्नाथ स्वामी की आरती उतारी. इसके अलावा कई व्यापारिक संगठनो ने जगह-जगह रथ यात्रा का स्वागत किया. रथ यात्रा का लोगो ने दर्शन कर प्रसाद प्राप्त किया. रीवा में पिछले 350 वर्ष से लगातार जगन्नाथ पुरी की तरह भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाती है. लोगो में यात्रा को लेकर उत्साह रहा.
