
सीधी। जिले में जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंशुमन राज सीईओ जिला पंचायत एवं डीईओ पवन सिंह द्वारा किया गया।
जिला पंचायत सीईओ राज ने बाल युवा वैज्ञानिकों से संवाद करते हुए कहा कि जिले की युवा विज्ञानियों के प्रयास को प्रदेश स्तर पर पहचान मिलना सुखद है। विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति चेतना जागृत होना हमारे भविष्य के लिए अच्छा संकेत है, यदि विद्यार्थी वैज्ञानिक सोच से समाज में पहल करेंगे तो सामाजिक आर्थिक और शैक्षिक उन्नति के नए आयाम देखने को मिलेंगे। विज्ञान और तकनीक दो अलग विषय हैं, विद्यार्थियों को विज्ञान की अवधारणाओं के बारे में भी पर्याप्त ज्ञान होना आवश्यक है और तकनीक को लेकर भी जागरूक होना जरूरी है। विज्ञान मॉडल के माध्यम से विद्यार्थियों की इसी जागरूकता को बढ़ावा मिलता है। सीधी जिले में इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी में रीवा सिंगरौली एवं सीधी जिले के 109 बाल युवा वैज्ञानिक शामिल हुए।
