
राजगढ़।उड़ीसा के पुरी की तर्ज पर जिला मुख्यालय राजगढ़ में शुक्रवार को भव्य रुप में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली गई. बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए.
भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को श्रद्धालुजन हाथों से खींचते हुए जय जगन्नाथ के जयकार लगा रहे थे.
भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर समिति एवं मालवीय प्रजापति समाज के तत्वावधान में आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को नगर में यह आयोजन किया गया. इस बार यह पांचवी रथ यात्रा रही. खुजनेर रोड पर न्यू शिक्षक कॉलोनी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से रथ यात्रा प्रारंभ हुई. रथ पर भगवान अपने भाई वलभद्र, बहन सुभद्रा के साथ विराजमान रहे. खिलचीपुर नाका, पुराना बस स्टेण्ड, घूम घाटी, मैन मार्केट, नवीन बस स्टेण्ड , नाका नं 3 से होते हुए यात्रा वापस मंदिर परिसर पहुंची. रथ में बंधी रस्सी को श्रद्धालु खींचते हुए चल रहे थे.
स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया. बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक शामिल हुए. दोपहर बाद भंडारा हुआ जिसमें नागरिकों ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की.
