
भिंड। ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने एक घूसखोर पटवारी को पकड़ा है। पटवारी नामांतरण कराने के एवज में 3500 की घूस ले रहा था। जबकि 4500 वह पूर्व में ले चुका था। लोकायुक्त पुलिस आरोपी पटवारी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
ग्वालियर लोकायुक्त एसपी राजेश मिश्रा ने बताया कि लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को हल्का नंबर दो तहसील गोहद के पटवारी शिवचरण सिंह नरवरिया केा 3500 रूपये की घूस लेते पकड़ा है। उन्होंने बताया कि पूरन सिंह गुर्जर पुत्र स्व. जय सिंह गुर्जर निवासी ग्राम एनो तहसील गोहद ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी कि ताऊ की डेढ़ बीघा जमीन का फौती नामांतरण कराने के एवज में पटवारी शिवचरण ने 8000 रु रिश्वत की मांग की। जिसमे से वह 4,500 रूपये पूर्व में दे चुका था। पुलिस अधीक्षक के द्वारा शिकायत का सत्यापन करवाकर टीम गठित की गई। शुक्रवार को जैसे ही पटवारी शिवचरण सिंह को आवेदक पूरन सिंह ने गिर्राज होटल गोहद चौराहे पर बची रकम 3,500 रुपये दिये तो लोकायुक्त पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी की पेंट की जेब से रिश्वत राशि बरामद कर ली गयी है । पुलिस आरोपी के विरुद्ध पीसी एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही कर रही है। ट्रेप टीम में निरीक्षक बृजमोहन नरवरिया, बलराम सिंह राजावत, अंजली शर्मा, प्रधान आरक्षक इकबाल खान, देवेन्द्र पवैया, आर0 प्रशांत राजावत, आरिफ खान, विनोद शाक्य, रवि, सुनील, विशंभर आदि उपस्थित थे।
