सतना: खेत की मैड़ को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत हाे गई। परिजनों का आरोप है कि दो लोगों ने उसे लाठी डंडों से मारा, सिर में चोट आने की वजह से अब वह नहीं रहा। पुलिस पहुंची तो परिजनों ने शव पोस्टमार्टम को ले जाने से इंकार कर दिया, वह पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। मामला रैगांव थाना क्षेत्र के खड़ौरी गांव का है। घटना गुरुवार दोपहर की है। खेत की मेड़ पर बारी लगाने के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान मुनेंद्र सिंह (35) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी राजेंद्र त्रिपाठी के अनुसार मृतक और आरोपियों के बीच काफी समय से खेत की मेड़ में बारी लगाने को लेकर विवाद चल रहा था। वहीं मृतक के भाई ने बताया कि आरोपी संपत कुशवाहा और नंदकिशोर कुशवाहा ने मुनेंद्र की लाठियों से पिटाई की। दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि घटना के समय मुनेंद्र अपने भतीजे और एक दोस्त के साथ खेत पहुंचा था। वहां पहले से मौजूद आरोपियों से बहस शुरू हो गई। बहस हाथापाई में बदल गई। आरोपियों ने बारी में लगे डंडे उखाड़कर मुनेंद्र पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से मुनेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। लेकिन मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से मना कर दिया। पुलिस और प्रशाशन द्वारा लोगों को लगातार समझाइश दी जाती रही। लेकिन इसके बावजूद भी रात तक गतिरोध बना रहा।
डटा रहा पुलिस प्रशासन
घटना स्थल पर कोठी तहसीलदार सौरभ द्विवेदी, नागौद थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय के साथ साथ रैगांव, सिंहपुर, कोठी नागौद थाना प्रभारी सहित एसडीओपी रोहित राठौर भी पहुंच गए। इसी कड़ी में सिविल लाइन थाना पुलिस, सुपर थर्टी, जैतवारा, मझगवाँ समेत और कई अन्य थानों के बल भी मौके पर पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राहुल सिलादिया भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत शुरू की। इस दौरान आश्वाशन दिया गया कि पुलिस कीटीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
