सतना : शहर के मारुति नगर क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति बनती नजर आई जब रेलवे क्रॉसिंग के रास्ते को बंद किए जाने की कवायद की जाने लगी. एक ओर जहां आक्रोशित महिलाएं धरना देते हुए रेलवे ट्रैक पर बैठ गईं वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के अन्य लोग भी समर्थन में खड़े हो गए. विरोध प्रदर्शन के चलते मुख्त्यारगंज-बिरला साइडिंग का रेल मार्ग घंटे भर से अधिक समय तक बाधित रहा.
मुख्त्यारगंज से बिरला साइडिंग की ओर जाने वाले रेल मार्ग पर मारुति नगर के निकट एक क्रॉसिंग पड़ती है. उक्त मार्ग का उपयोग क्षेत्र के निवासियों सहित आस पास के लोगों द्वारा वर्षों से किया जा रहा है. लेकिन इस क्रॉसिंग को पार करते हुए समय कई बार भीषण दुर्घटना होते-होते बची है.
जिसमें सबसे अधिक कार के रेलवे इंजन की चपेट में आने की घटनाएं सामने आई हैं. इसी कड़ी में बुधवार की शाम को भी एक कार इंजन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई थी. इसके बाद ही स्टेशन प्रबंधक ए. मतीन भी मौके पर पहुंच गए और रहवासियों से चर्चा शुरु की. काफी देर तक चली समझाइस के बाद स्थानीय रहवासियों को किसी तरह रेलवे ट्रैक से हटने के लिए राजी किया जा सका.
