
नई दिल्ली। रेलवे ने उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ की तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए इंदौर, रतलाम और उज्जैन रेलवे स्टेशन को संभावित भीड़ के लिहाज से अपग्रेड करना शुरू कर दिया गया है. हालांकि निर्माण कार्य के कारण सिंहस्थ कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को होने वाली संभावित असुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय ने उज्जैन रेलवे स्टेशन के उन्नयकरण कार्यक्रम को भी फिलहाल विलंबित कर दिया गया है. एक बार कुंभ का आयोजन हो जाने के बाद इस रेलवे स्टेशन का पुननिर्माण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा.
रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने यह जानकारी ग्वालियर-बंगलुरू के बीच नई एक्सप्रेस रेलगाड़ी की शुरूआत करने के दौरान रेल भवन से अपने वचुर्अली संबोधन में दी. इस रेलगाड़ी को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, ग्वालियर के सांसद भरत सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद अनुप मिश्रा समेत कई विधायक भी उपस्थित थे. वैष्णव ने कहा कि प्रदेश में 80 रेलवे स्टेशनों का उन्नयनीकरण किया जा रहा है. इसके अलावा इंदौर—मनमाड, भुसावल—खंडवा, नागदा जैसे प्रोजेक्ट में तीसरी और चौथी लाइनों को बिछाने का कार्य किया जाएगा. उन्होंने भोपाल के 90 डिग्री कोण वाले पुल को लेकर कहा कि यह वहां पर जगह की कमी की वजह से हुआ है. लेकिन रेलवे और मप्र सरकार मिलकर इसके सुधार के लिए कार्य कर रही है. उन्होंने ग्वालियर और आगरा के बीच दैनिक यात्रियों की बड़ी संख्या का हवाला देते हुए कहा कि दोनों शहरों के बीच लोकल ट्रेन पर भी विचार किया जा रहा है. यह संभव है कि जल्द ही इसको लेकर भी घोषणा की जाए. उन्होंने कहा कि मप्र ऐसे राज्यों में शामिल है. जहां पर रेलवे ने शत—प्रतिशत रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण कर दिया है.
