
रीवा। युवा संगम कार्यक्रम के तहत संभागीय आईटीआई रीवा में 18 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रोजगार मेला आयोजित किया जायेगा. रोजगार मेले में जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. इस संबंध में उप संचालक रोजगार अनिल दुबे ने बताया कि रोजगार मेले में 30 कंपनियों द्वारा युवाओं का चयन किया जाएगा. मेले में शामिल होने के लिए विभिन्न कंपनियों में युवक एवं युवतियों की आयु सीमा तथा शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है. वेतन एवं भत्ते 7000 रुपए से 35 हजार रुपए तक निर्धारित किया गया है. वेतन एवं भत्ता विभिन्न कंपनियों में अलग-अलग देय होगा. युवाओ को अपने साथ मूल अंकसूची तथा निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति, आधार कार्ड या वोटर आईडी, रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन एवं नवीनतम दो पासपोर्ट साइज के फोटो लेकर आना अनिवार्य होगा.
उप संचालक ने बताया कि रोजगार मेले में जीएमसीसी मीडिया इंडिया प्रा.लि. पुणे महाराष्ट्र, ट्रायडेन्ट कम्पनी बुधनी सिहोर, शक्ति पम्प इंडिया लि. पीथमपुर इन्दौर,विनप्रेज इन्फो मीडिया प्रा.लि. मैहर, यशस्वी ग्रुप भोपाल, प्रगतिशील बायोटेक प्रा.लि. रीवा, धूत ट्रांसमिशन औरांगाबाद, आमधनी प्रा.लि.(एमआरएफ टायर्स) गुजरात, एसीएमई इंडिया इंडस्ट्रीज लिमि. दाहोद गुजरात, प्रभा बायोप्लांट्स प्रा.लि. रीवा, मिग्मा पैकट्रॉन प्रा.लि. इंदौर, प्रगतिशील एग्रोटेक प्रा.लि.रीवा, एच.डी.एफ.सी. लाईफ इश्योरेन्स कम्पनी लिमि. रीवा आदि कम्पनी भाग लेगी.