
राघौगढ़। राघौगढ़ नगर में गुरूवार का दिन ऐतिहासिक बन गया जब निर्यापक श्रमण मुनि सुधा सागर का राघौगढ़ की भूमि पर ससंघ भव्य स्वागत हुआ। मुनिश्री के पदार्पण को लेकर नगर में गगनभेदी जयघोष और श्रद्धा की लहर उमड़ पड़ी। धीरपुर मैदान से नगर के मुख्य मार्गों पर निकली ऐतिहासिक अगवानी यात्रा में हजारों श्रद्धालु सम्मिलित हुए। सबसे पहले नगर में पहले से विराजमान मुनि विशद सागर, शिव सागर और छुल्लक वैराग्य सागर महाराज ससंघ ने धीरपुर मैदान पहुंचकर मुनिश्री सुधा सागर की विधिपूर्वक अगवानी की। मुनि विशद सागर ने गंधोदक से पादप्रक्षालन कर चरणवंदना की और परिक्रमा कर भावपूर्ण स्वागत किया। इधर, राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने मुनिश्री के चरणों में नमन कर श्रीफल भेंट किया।
