
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के तहत देवास गेट बस स्टैंड का कायाकल्प होगा 100 करोड़ की राशि से उन्नयन किया जाएगा जो शहर वासियों के लिए ही नहीं अपितु देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी एक बड़ी सौगात होगा। इस संबंध में उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा की है।
नवभारत से चर्चा में उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से देवास गेट बस स्टैंड के विकास संबंधी चर्चा हुई है। सीएम ने पूरा प्रस्ताव बना कर सरकार को भेजने के लिए कहा है। जिस प्रकार से योजना उकेरी गई है यदि वह क्रियान्वित होती है तो यह एक बड़ी सौगात होगी। स्थानीय शासन-प्रशासन देवास गेट बस स्टैंड का विस्तार करने के मद्देनजर कई बार योजना बना चुका है। इसका पुनर्निर्माण करवाने के साथ ही उक्त बस स्टैंड को मल्टीलेवल ट्रांजिट हब के रूप मे बनाने के दावे भी किए गए हैं।
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने जिस प्रकार से योजना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा की है ऐसे में यह पूरा खाका स्मार्ट सिटी द्वारा तैयार किया जा सकता है। पहले स्मार्ट सिटी ने इसके लिए डिजाइन तैयार की है। हाल फिलहाल पूरा बस स्टैंड जर्जर अवस्था में है बिल्डिंग गिराऊ स्थिति में है। यहां कभी भी हादसा हो सकता है।देवासगेट स्थित शहीद राजाभाऊ महाकाल बस स्टैंड का उन्नयन जब 100 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा तो देवास गेट थाना भी शिफ्ट किया जा सकता है। देवास गेट बस स्टैंड के सामने पुरानी धर्मशाला बनी है जिसे हटाना जरूरी है।
