नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) फल-सब्जी और आलू-प्याज की पैदावार में वृद्धि के साथ देशभर में बागवानी फसलों का रकबा वर्ष 2024-25 में गत वर्ष से 1.81 लाख हेक्टेयर बढ़कर 292.67 लाख हेक्टयर हो गया है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को यहां बागवानी फसल का द्वितीय अग्रिम अनुमान जारी किया। उन्होंने बताया कि बागवानी फसलों की पैदावार 3.66 प्रतिशत की वृद्धि के साथ रिकॉर्ड 3677.24 लाख टन हो गयी। वर्ष 2023-24 की तुलना में बागवानी फसलों की पैदावार 129.80 लाख टन ज़्यादा है।
श्री चौहान ने कहा कि बागवानी किसानों की कड़ी मेहनत और वैज्ञानिकों के योगदान तथा सरकार की किसान हितैषी नीतियों के कारण कृषि क्षेत्र की लगातार प्रगति हो रही है, जिसमें बागवानी का योगदान अहम है। उन्होंने कहा कि फल-सब्जी, आलू-प्याज की पैदावार में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024-25 में देश में वर्ष 2024-25 में बागवानी पैदावार लगभग 3677.24 लाख टन होने का अनुमान है। वर्ष 2024-25 में, देश में आलू की पैदावार 601.75 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है, जो कि वर्ष 2023-24 की तुलना में 31.21 लाख टन अधिक है। इसी वर्ष टमाटर की पैदावार लगभग 207.52 लाख टन होने की उम्मीद है, जो कि वर्ष 2023-24 में 213.23 लाख टन था।
वर्ष 2024-25 में, फलों की पैदावार पिछले वर्ष की तुलना में 1.36 प्रतिशत बढकर 15.32 लाख टन बढ़कर 1145.10 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है, जिसका मुख्य कारण तरबूज, आम, केला, मंदारिन, मीठा संतरा , मौसंबी और पपीते की पैदावार में वृद्धि की उम्मीद है। आम की कुल पैदावार वर्ष 2024-25 में लगभग 228.37 लाख टन होने का अनुमान है, जो कि वर्ष 2023-24 में 223.98 लाख टन था। केले की पैदावार कुल उत्पादन वर्ष 2024-25 में लगभग 380.35 लाख टन होने का अनुमान है, जो कि वर्ष 2023-24 में 376.14 लाख टन था।
तरबूज की कुल पैदावार वर्ष 2024-25 में लगभग 44.70 लाख टन होने का अनुमान है, जो कि वर्ष 2023-24 में 37.21 लाख टन था।
सब्जियों की पैदावार वर्ष 2023-24 के 2072.08 लाख टन से 6.02 प्रतिशत बढ़कर वर्ष 2024-25 में 2196.74 लाख टन होने की उम्मीद है। प्याज, आलू, हरी मिर्च, टैपिओका और लौकी की पैदावार में वृद्धि की उम्मीद है।
वर्ष 2024-25 में, प्याज की पैदावार पिछले वर्ष लगभग 242.67 लाख टन की तुलना में लगभग 307.72 लाख टन होने की उम्मीद है, जो कि 65.05 लाख टन अधिक है।
मसालों की कुल पैदावार वर्ष 2024-25 में लगभग 123.70 लाख टन होने का अनुमान है, जो कि वर्ष 2023-24 में 124.84 लाख टन था। अदरक की कुल पैदावार वर्ष 2024-25 में लगभग 25.42 लाख टन होने का अनुमान है, जो कि वर्ष 2023-24 में 23.33 लाख टन था। लहसुन की कुल पैदावार वर्ष 2024-25 में लगभग 35.03 लाख टन होने का अनुमान है, जो कि वर्ष 2023-24 में 33.16 लाख टन था। हल्दी की कुल पैदावार वर्ष 2024-25 में लगभग 12.04 लाख टन होने का अनुमान है, जो कि वर्ष 2023-24 में 10.63 लाख टन था।
