बेमेतरा 26 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बहुचर्चित बिरनपुर हत्याकांड में शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरफ्तारी कोर्ट के आदेश पर की गई है। दोनों आरोपी बिरनपुर गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं। इस मामले में पहले ही 12 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुआ था जो सभी न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। गत आठ अप्रैल 2023 को बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में दो गुटों के बीच हुए साम्प्रदायिक संघर्ष के दौरान भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। हिंसा के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था, हत्याकांड के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई थी। भुनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू को भारतीय जनता पार्टी ने बेमेतरा विधानसभा से विधानसभा चुनाव 2023 का प्रत्याशी बनाया, और वह चुनाव जीतकर विधायक भी बने।
राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के सत्ता में आने के बाद इस हत्याकांड की सीबीआई जांच की घोषणा की गई। इसके बाद सीबीआई ने तेजी से केस की जांच शुरू की और अब तक कुल 14 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है।
