
भोपाल, 29 जनवरी. ऐशबाग पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास अवैध रूप से रखा मादर्क पदार्थ चरस जब्त किया है. जब्त हुए चरस की कीमत 30 हजार रुपए बताई गई है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात करीब दस बजे सूचना मिली कि रेलवे पटरी बरखेड़ी फाटक के पास एक व्यक्ति मादक पदार्त बेचने की फिराक में घूम रहा है. सूचना के बाद पुलिस की एक विशेष टीम गवाहों को लेकर मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति काले रंग की जैकेट और जींस पैंट पहने हुए दिखाई दिया. वह अपने हाथ में गुलाबी रंग की एक पोलीथिन पकड़े हुए था. पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम फरहान उर्फ चिकना (32) निवासी जनता क्वार्टर ऐशबाग बताया. हाथ में लिए पन्नी को खोलकर देखा गया तो उसने अंदर 102 ग्राम चरस रखी हुई थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. आरोपी से बरामद हुई चरस की कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है. बताया जाता है कि आरोपी शातिर बदमाश है. उसके खिलाफ पूर्व से आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं.
