चंडीगढ़ 25 जून (वार्ता) नेशनल कैडेस कोर (एनसीसी) निदेशालय पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ (पीएचएचपीएंडसी) ने इंटर ग्रुप स्पोर्ट्स शूटिंग चैंपियनशिप 2025 का सफलतापूर्वक आयोजन किया।
सेना के प्रवक्ता ने बुधवार को यहां जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि छह जून से 22 जून तक आयोजित इस चैंपियनशिप में तीन राज्यों व यूटी चंडीगढ़ के आठ समूहों के 128 प्रतिभागी कैडेट्स ने असाधारण निशानेबाजी और कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल राउंड और समापन समारोह 24 जून, 2025 को हुआ। कुल 128 प्रतिभागियों में से 16 कैडेटों को आगामी अंतर निदेशालय खेल शूटिंग चैंपियनशिप में पीएचएचपीएंडसी निदेशालय का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है, जो पांच अगस्त से 18 अगस्त, 2025 तक महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित होने वाली है।
इस अवसर पर पीएचएचपीएंडसी निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल जगदीप सिंह चीमा ने विजेताओं को बधाई दी और पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने न केवल प्रतिस्पर्धी भावना को बढ़ावा दिया है, बल्कि कैडेट्स के बीच सौहार्द, अनुशासन और नेतृत्व को भी बढ़ावा दिया है, जो सच्ची एनसीसी भावना को दर्शाता है। प्रतियोगिता में पटियाला ग्रुप ने पहला स्थान प्राप्त किया, उसके बाद चंडीगढ़ ग्रुप दूसरे स्थान पर और अंबाला ग्रुप तीसरे स्थान पर रहा।
