
ग्वालियर।जिम ट्रेनर की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी। 23 दिन के बाद उसका शव ग्वालियर लाया गया। परिजनों ने जब उसकी बॉडी देखी तो पत्नी और मां बेहोश होने लगी। शव बुरी तरह से सड़ चुका था। इंद्रमणि नगर श्मशान घाट पर जिम ट्रेनर सूरज का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों के अनुसार सूरज का सिर, चेहरा और एक हाथ कुचला हुआ था। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तक नहीं भेजी गयी है। जिससे पता चल सके कि मौत कैसे हुई है। उन्होने केन्द्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सड़क दुर्घटना में मौत की थी सूचना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सूरज की मौत एक सड़क दुर्घटना में होना बताया गया था। इसके बाद सूरज के पिता कृष्ण शर्मा और उसकी पत्नी चेतना शर्मा ने जिम ट्रेनर की बॉडी को ग्वालियर लाने के लिये प्रयास किये। इस बीच ग्वालियर से लेकर दिल्ली तक एक भी जनप्रतिनिधि ने उनकी हेल्प नहीं की। कोई उनसे मिलने तक नहीं पहुंचा। दिल्ली में परिजन दूतावास पहुंचे। वहां से भी कोई मदद नहीं मिली तो केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मदद की गुहार लगाई थी। जिस पर सिंधिया ने मदद का आश्वासन दिया था।
