
इंदौर. मेघालय के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में जांच कर रही शिलांग पुलिस अब एक और आरोपी की तलाश में जुट गई है. इससे पहले ब्रोकर शिलोम जेम्स और अपार्टमेंट गार्ड व मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया था, जिन्हें कोर्ट से सात दिन की रिमांड पर शिलांग पुलिस को सौंपा है, वहीं अब पुलिस चौथे आरोपी लोकेन्द्र की तलाश कर रही है.
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि सोनम द्वारा छोड़ा गया काला बैग कथित तौर पर चौथे व्यक्ति लोकेंद्र के पास है, जो अब तक फरार है. इस बैग में करीब पांच लाख रुपए नकद और एक पिस्टल रखी होने की आशंका जताई जा रही है. शिलांग पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी पीटर लिंगदोह ने बताया कि लोकेंद्र की अंतिम लोकेशन इंदौर के हीराबाग क्षेत्र में ट्रेस हुई थी. पुलिस ने वहां दबिश दी, लेकिन वह पहले ही फरार हो चुका था. उसका मोबाइल भी बंद है. पुलिस ने उसके रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से पूछताछ की है और उम्मीद जताई है कि वह जल्द गिरफ्त में आ सकता है. उधर, गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया जहां से शिलांग पुलिस को उनकी ट्रांजिट रिमांड मिली. टीम के कुछ सदस्य दोनों आरोपियों को लेकर शिलांग रवाना हो गए, जबकि बाकी सदस्य इंदौर में रुककर लोकेंद्र की तलाश जारी रखेंगे. गौरतलब है कि इस केस में मुख्य आरोपी सोनम और उसका साथी राज कुशवाह पहले से पुलिस रिमांड में हैं. अन्य आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे जा चुके हैं. इंदौर में हुई गतिविधियों के उजागर होने से केस की जटिलता और बढ़ गई है.
मामले में पुलिस का कहना है कि फरार लोकेंद्र की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड की कड़ियों को और स्पष्ट रूप से जोड़ा जा सकेगा. फिलहाल ब्रोकर और गार्ड से गहन पूछताछ जारी है.
