तेहरान, 04 अगस्त (वार्ता) ईरान ने कहा है कि पिछले महीने कैस्पियन सागर में एक ईरानी जहाज पर हुए यूक्रेन ड्रोन हमला सुनियोजित था और उसके पास इसे साबित करने के पुख्ता सबूत हैं। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा है कि इस मामले में ईरान , यूक्रेन के उस स्पष्टीकरण का इंतजार कर रहा है कि हमला पूर्व नियोजित नहीं था और वह अनियोजित बताने वाले अपने दावे के पक्ष में कोई ठोस सबूत देता है या नहीं। ईरान के पास ऐसे पक्के सबूत हैं जो साबित करते हैं कि यह हमला जानबूझकर किया गया था। ईरान की ‘ईरना’ न्यूज एजेंसी के सवाल पर श्री बघाई ने बताया कि यूक्रेनी अधिकारियों ने दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच हुई बातचीत में कई बार यह कहा है कि 25 जुलाई का यह हमला एक दुर्घटना था और ईरानी जहाज को निशाना बनाने की कोई मंशा नहीं थी।
श्री बघाई ने कहा, “यूक्रेनी अधिकारियों ने जोर देकर कहा है कि यह कार्रवाई अनजाने में हुई थी।” उन्होंने कहा कि ईरान ने यूक्रेन की सफाई सुन ली है, लेकिन अब वह यह देखना चाहता है कि यूक्रेन अपने इस दावे को साबित करने के लिए क्या व्यावहारिक कदम उठाता है। श्री बघाई का कहना है कि ईरान के पास ऐसे ‘बेहद स्पष्ट सबूत’ हैं जो यूक्रेन के बयान को झुठलाते हैं। उनके मुताबिक, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के सार्वजनिक बयान इशारा करते हैं कि हमला सोच-समझकर किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराने के लिये जरूरी कदम उठाएगा।
यह बयान यूक्रेनी विदेश मंत्री आंद्रेई सिबीहा और उनके ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची के बीच हुई बातचीत के एक हफ्ते बाद आया है। उस समय श्री सिबीहा ने ईरान को भरोसा दिलाया था कि हमला गलती से हुआ था और तनाव न बढ़ाने की अपील की थी। साथ ही, उन्होंने रूस को ईरान के सैन्य समर्थन का विरोध किया, जबकि श्री अराघची ने इस घटना के लिए मुआवजे और जवाबदेही की मांग की थी। ईरान ने इस हमले को अपने व्यापारिक हितों पर सीधा हमला बताया है और चेतावनी दी है कि इस घटना को हल्के में नहीं लिया जाएगा।

