
झाबुआ। ग्वालियर उच्च न्यायालय परिसर में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर संपूर्ण प्रदेश के प्रत्येक जिलों के ब्लाको में दलित बस्तियों में संविधान सत्याग्रह चौपाल मप्र कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित की जा रही है। इसी परिपेक्ष में 23 जून को पावर हाउस रोड झाबुआ मे प्रातः 11 बजे संविधान सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दलित रहवासियों के साथ समस्त कांग्रेसजनों ने एक साथ बैठकर नाश्ता किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मप्र कांग्रेस कमेटी महासचिव निर्मल मेहता विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रांका ने की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव मेहता ने कहा की आज पूरा देश संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर का सम्मान करता है, वहीं भाजपा के नेता ग्वालियर उच्च न्यायालय में उनकी प्रतिमा स्थापित करने का पुरजोर विरोध कर रहे हैं, जो न्यायोचित नहीं है। कांग्रेस पार्टी ही है जो किसी भी एक जाति की पक्षधर नहीं रही, सभी जातियों को साथ में लेकर एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी के रूप में खड़ी है, जो सब का साथ सबका विकास में विश्वास रखती है।
