नयी दिल्ली, 23 जून (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि पंजाब के लुधियाना पश्चिम और गुजरात के विसावदर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में एतिहासिक जीत दर्ज कर पार्टी ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी को बता दिया कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की काम की राजनीति जनता को पसंद है।
आप ने मंगलवार को यहां कहा कि दिल्ली में भाजपा-कांग्रेस की छल-कपट से मिली हार का गुजरात और पंजाब में बड़ी जीत दर्ज कर करारा जवाब दिया है। इस जीत के साथ ही आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजनीति में दमदार वापसी की है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर कहा कि विधानसभा हलका लुधियाना पश्चिमी उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर सभी को बहुत-बहुत बधाइयां। बड़ी लीड से मिली यह जीत इस बात का साफ संकेत है कि राज्य के लोग हमारी सरकार के कामों से बेहद खुश है। हम पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए दिन-रात बिना किसी भेदभाव और पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं। उपचुनाव के दौरान पंजाबियों से किए गए हर एक वादे को हम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेंगे।
आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमारे हर एक कार्यकर्ता के लिए बहुत खुशी की बात है कि हमने दो सीटें जीती हैं। यह दोनों सीटें बहुत महत्वपूर्ण हैं। इस जीत से पंजाब के कार्यकर्ताओं को बहुत मनोबल बढ़ा है। पंजाब की भगवंत मान सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, किसानों और नौकरियों के साथ नशे के विरुद्ध शानदार काम किया है। इस काम से पंजाब के लोग खुश हैं। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सेमीफाइनल जीत लिया है, अब फाइनल की बारी है।
श्री सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी के लिए गुजरात भी बहुत महत्वपूर्ण था। गोपाल इटालिया गुजरात के तेज-तर्रार नेता हैं। गुजरात के लोगों के मुद्दों की आवाज को कभी उठने नहीं दिया गया। गोपाल इटालिया इन लोगों की एक मजबूत आवाज बनकर निकलेंगे। इस जीत से पूरे देश के ‘आप’ के कार्यकर्ताओं में खुशी है। यह जीत इस बात संकेत है कि गुजरात के लोगों ने अरविंद केजरीवाल की काम की राजनीति पर भरोसा जताया है।

