
सिंगरौली। जिले के लिए आज का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज किया गया। जब इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी सिंगरौली द्वारा संचालित रेडक्रॉस ब्लड सेंटर में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के भवन एवं उपकरणों का पूजा पाठ करके विधिवत शुभारंभ एनटीपीसी विंध्याचल के कार्यकारी निदेशक ई सत्य फणि कुमार के द्वारा संपन्न कराया गया।
शुभारंभ अवसर पर ई सत्य फणि कुमार द्वारा यूनिट में स्थापित सभी नवीनतम उपकरणों का अवलोकन किया गया एवं उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी सिंगरौली के सचिव डॉ. डीके मिश्रा ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। जो इस ऐतिहासिक क्षण का प्रतीक बन गया। ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की आवश्यकता और उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि अब एक यूनिट रक्त को चार अलग-अलग घटकों में विभाजित कर जरूरत के अनुसार विभिन्न मरीजों को उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह सुविधा पूर्व में सिंगरौली जिले में उपलब्ध नहीं थी, जिससे मरीजों को विशेष ब्लड कंपोनेंट के लिए जिला से बाहर जाना पड़ता था। अब यह सुविधा जिले में ही सुलभ हो गई है।
