
इंदौर. परदेशीपुरा क्षेत्र में बीते सप्ताह हुए पेट्रोल बम हमले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. इस सनसनीखेज घटना के मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जो पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है. उसके साथ चार आरोपी गिरफ्तार किए हैं, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया है. जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.
घटना 13 और 14 जून की दरम्यानी रात रोड नंबर 9 परदेशीपुरा पर हुई थी, जहां लोकेश खोपड़े के घर के पास बदमाशों ने बारूद, कील और पेट्रोल से भरा देसी बम फेंककर आगजनी की थी. सीसीटीवी और साइबर विश्लेषण के बाद पुलिस ने ग्रैंड ब्रिटिश पार्क निवासी रोहित धनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने जुर्म कबूलते हुए अपने साथियों जयेश उर्फ लक्की चावड़ा, साहिल उर्फ चेरी राजभर, लक्की उर्फ गप्पी सोलंकी और एक नाबालिग का नाम उजागर किया. सभी आरोपी आदतन बदमाश हैं और इनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं.
मोटरसायकल की जब्त
घटना में उपयोग में ली गई मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है, जो आरोपी को दो सप्ताह पहले दहेज में मिली थी. मामले में एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ गैंग हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है और जिलाबदर की कार्रवाई प्रस्तावित है.
