
दतिया। जिले की ग्राम पंचायत मेंथाना-पाली के स्वतंत्रपुरा गांव में बड़ा हादसा टल गया। यहां प्राथमिक स्कूल की बरामदे की छत अचानक गिर गई। बच्चे उस समय बाहर खड़े थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जिले में बीते दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश के चलते स्कूल की बरामदे की छत ढह गई। छत पर रखी पानी की टंकी भी गिरकर नीचे आ गिरी। घटना के समय बच्चे बरामदे में मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। इस मामले में कलेक्टर ने प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह स्कूल पहले से ही जर्जर हालत में है। दो कमरे, एक किचन रूम और बरामदा वाला यह भवन लंबे समय से खराब स्थिति में है। बारिश में दो कमरों की छत से लगातार पानी टपकता रहता है। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि बच्चे रोज खतरे के बीच स्कूल आते हैं। स्कूल सुबह 7 बजे खुलता है, लेकिन शिक्षक अक्सर समय पर नहीं पहुंचते। बच्चों की सुरक्षा को लेकर यह बड़ी लापरवाही है। घटना की जानकारी मिलने पर बीआरसी भांडेर पुरुषोत्तम पाठक ने बताया कि स्कूल में कुल 6 छात्र दर्ज हैं। उपयंत्री मुन्ना लाल जाटव और जनशिक्षक प्रमोद चतुर्वेदी को मौके पर भेजा गया। इंजीनियर को मरम्मत की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया है।
