
बुधनी. नगर में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है.
एक सप्ताह के अंदर ये दूसरी घटना है जब वार्ड 13 में रहने वाले लक्ष्मीनारायण मालवीय के 6 वर्षीय देवराज बेटे को उस समय कुत्ते ने काट लिया. जब वह घर के पास ही किराने के दुकान पर दूध की थैली लेने गए थे. जिसे सिविल अस्पताल ले जाया गया. जहां से नर्मदापुरम रेफर कर दिया है. इससे पूर्व वार्ड 10 में भी 5 वर्षीय शशांक वर्मा पिता जयसिंह वर्मा को एक कुत्ते ने काट लिया था. जिस पर वार्डवासियों ने नगर परिषद को लिखित शिकायत की थी और नगर के आवारा कुत्तों को क्षेत्र से बाहर करने की मांग की गई थी. लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. पिछले कुछ महीनों में इस इलाके में कई बार बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग इन कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं. इस मामले में नगर परिषद सीएमओ द्वारा वार्ड 10 में 5 कुत्ता पालकों को नोटिस दिए गए थे वहीं इन आवारा कुत्तों के पकडऩे का अभियान भी चलने वाला है हर वार्ड में जहां आवारा कुत्ते हैं उनको नगर से बाहर किया जाएगा.
सीएमओ संतोष रघुवंशी ने बताया कि नगर में कुत्ते पालने वाले लोगों को हिदायत दी जा रही है कि यदि आपका पालतू कुत्ता है तो उसे बकायदा वेक्सिनेशन के साथ घर पर ही बांधकर रखा जाए. उसे खुला बाहर न छोड़े. वहीं आवारा कुत्तों को नगर से दूर छोड़ा जाएगा. जिससे नगर में कुत्तों का आतंक कम किया जा सके. कुत्तों के आतंक के चलते नागरिक बच्चों को बाहर निकालने से भी डर रहे हैं, वहीं लोगों में आक्रोश का माहौल भी बना है.
