तेहरान, 20 जून (वार्ता) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अराक हेवी वाटर रिएक्टर प्लांट पर इजरायल के हमले की निंदा करते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि इजरायल ने अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए एक सुरक्षित परमाणु संयत्र को निशाना बनाया है।
ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार श्री अराघची ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से परमाणु स्थलों पर सैन्य हमलों के खिलाफ अपने स्वयं के प्रस्तावों को लागू करने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि जवाब देने में विफलता वैश्विक परमाणु अप्रसार प्रणाली को कमजोर करेगी। इस बीच अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी(आईएईए) ने गुरुवार को पुष्टि की कि उस हमले में गैर संचालित और परमाणु सामग्री रहित रिएक्टर की कई प्रमुख इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
एजेंसी ने कहा कि हमले के कारण किसी प्रकार के ‘रेडियोलॉजिकल’ तत्वों का रिसाव नहीं हुआ है और पास ही स्थित हेवी वाटर प्लांट को काेई नुकसान नहीं पंहुचा है। हालांकि इसके आकलन में कहा गया है कि प्लांट की कई प्रमुख इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
गौरतलब है कि इजरायली वायुसेना ने गुरुवार को सिलसिलेवार बमबारी करते हुए परमाणु संयंत्र पर बमबारी की। इजरायली सैन्य बल के अधिकारियों ने पुष्टि की कि उन्होंने अराक हेवी वाटर रिएक्टर के ‘कोर सील’ को निशाना बनाया था ताकि इसका उपयोग परमाणु हथियार विकास के लिए न किया जा सके।

