
इंदौर. अब बिजली बिल भरने के लिए न दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत और न ही अतिरिक्त राशि वसूले जाने का डर. मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शुरू की गई डोर टू डोर एप सुविधा उपभोक्ताओं के लिए खासकर ग्रामीण और बुजुर्गों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है.
कंपनी की इस पहल से सिर्फ अगस्त और सितंबर माह में ही करीब 12.50 लाख उपभोक्ताओं ने अपने घर, दुकान या गांव से ही बिजली बिल जमा किया. समय पर बिल भुगतान से उपभोक्ताओं को न तो सरचार्ज देना पड़ा और न ही कनेक्शन कटने की स्थिति बनी. डीटूडी एप के तहत कंपनी के एजेंट और कर्मचारी घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से बिल राशि वसूलते हैं और मोबाइल एप के जरिए तत्काल ई-रसीद उपलब्ध कराते हैं, उपभोक्ताओं से बिल पर दर्ज राशि के अलावा कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता. कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. यह कदम केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण और मप्र विद्युत नियामक आयोग की मंशा के अनुरूप है. इस सुविधा से जहां कंपनी को समय पर लाखों उपभोक्ताओं से राजस्व प्राप्त हो रहा है, वहीं उपभोक्ताओं को घर बैठे सुरक्षित और सरल तरीके से बिल जमा करने की सहूलियत मिल रही है.
