मैड्रिड ,20 जून (वार्ता) स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) महासचिव मार्क रूटे से कहा है कि उनका देश वर्ष 2032 तक गठबंधन के रक्षा व्यय को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के पांच प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन नहीं करेगा। एल पेस अखबार समाचार पत्र में यह जानकारी दी गयी है।
इसमें कहा गया है कि ‘स्पेन के लिए पांच प्रतिशत लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध होना अनुचित और प्रतिकूल भी होगा और यह यूरोपीय संघ के अपने सुरक्षा और रक्षा तंत्र को मजबूत करने के प्रयासों में बाधा उत्पन्न करेगा।”
स्पेन सरकार के अधिकारियों ने समाचार पत्र को बताया कि हालांकि वे यूरोप के पांच प्रतिशत रक्षा खर्च तक पहुंचने की संभावना से इनकार नहीं करते हैं लेकिन उनका मानना है कि लक्ष्य निर्धारित करने में बहुत जल्दबाजी प्रतीत होती है।
श्री रुटे ने इससे पहले नाटो सदस्य देशों से अपने रक्षा व्यय को अपने संबंधित जीडीपी के वर्तमान दो प्रतिशत से बढ़ाकर 3.5 प्रतिशत करने तथा बुनियादी ढांचे के विकास, सैन्य उद्योग और अन्य सुरक्षा-संबंधी निवेशों पर 1.5 प्रतिशत खर्च करने का आह्वान किया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी इससे पहले कहा था कि नाटो सहयोगी देश अपनी जीडीपी का पांच प्रतिशत रक्षा क्षेत्र पर खर्च करें। ब्रिटेन और जर्मनी जैसे देशों ने भी इसका समर्थन किया था।

