
सिंगोली। सिंगोली के गांधी भवन में संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक व सांसद भजनलाल जाटव ने कहा कि अब सिफारिश से जिलाध्यक्ष नहीं बनेंगे। हमें ऐसा जिलाध्यक्ष चाहिए जो भाजपा की तानाशाही और जातिवादी नीतियों के खिलाफ लड़े। उन्होंने भाजपा पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। जाटव ने बताया कि यह अभियान मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का मिशन है, जिसका उद्देश्य संगठन की खामियों को दूर कर मजबूत बनाना है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक हर्ष विजय गहलोत और राजनारायण सिंह ने भी संगठन सृजन अभियान को मजबूती देने पर जोर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से जिलाध्यक्ष के लिए राय ली गई। मंच पर कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया।
