
इंदौर. राजा रघुवंशी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी शिलांग पुलिस अब इंदौर में सक्रिय हो गई है. गुरुवार को पुलिस की एक टीम ने इंदौर क्राइम ब्रांच थाने में सोनम रघुवंशी से जुड़े तीन कर्मचारियों से पूछताछ की. इनमें दो युवतियां भी शामिल हैं, जो सोनम के संपर्क में थीं और उसके इंदौर स्थित कार्यक्षेत्र से जुड़ी जानकारियां रखती हैं.
सूत्रों के मुताबिक, इन तीनों से सोनम की दिनचर्या, मुलाकातों और व्यवहार को लेकर सवाल पूछे गए. जांच का फोकस इस बात पर था कि क्या उन्हें सोनम की गतिविधियों या संबंधों को लेकर कोई असामान्यता कभी महसूस हुई थी. युवतियों से यह भी पूछा गया कि क्या सोनम और मृतक राजा रघुवंशी के रिश्तों में कुछ तनाव पहले से दिखाई देता था.
शिलांग पुलिस ने उस ड्राइवर से भी पूछताछ की, जिसने सोनम को इंदौर से वाराणसी छोड़ा था. ड्राइवर ने पुष्टि की कि पुलिस ने उससे गाड़ी और सफर से जुड़ी जानकारियां मांगी थीं. ड्राइवर का कहना है, पुलिस ने मुझसे सिर्फ गाड़ी के इस्तेमाल और उस दिन की यात्रा को लेकर पूछताछ की. मैंने उन्हें सारी जानकारी स्पष्ट रूप से दे दी है.
पुलिस की यह कार्रवाई इस ओर संकेत करती है कि हत्याकांड की जांच केवल शिलांग तक सीमित नहीं है, बल्कि इंदौर से लेकर वाराणसी तक फैले नेटवर्क और गतिविधियों को खंगाला जा रहा है. सोनम के संपर्कों, यात्रा विवरण और सहयोगियों की भूमिका को लेकर पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती. सूत्र बताते हैं कि शिलांग पुलिस आने वाले दिनों में सोनम के कुछ अन्य संपर्कों और जानने वालों से भी पूछताछ कर सकती है, ताकि इस केस की तस्वीर और साफ हो सके.
