
भोपाल। सोशल मीडिया पर कई दिनों तक ट्रोल होने के बाद राजधानी के बहुचर्चित ऐशबाग इलाके में बने 90 डिग्री रेलवे ओवर ब्रिज की डिजाइन बदली जाएगी। अब डिजाइन को सुधार कर 90 डिग्री वाले स्थान को गोल शेप देने की तैयारी की जा रही है। ताकि हादसे न हों और व्यवस्थित ढंग से यातायात चलता रहे। अभी रेलवे और पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियर यह संभावना तलाश रहे हैं कि क्या रेलवे से बगैर अतिरिक्त जमीन लिए इसकी डिजाइन में सुधार संभव है। यदि यह संभव है तो इसके लिए 90 डिग्री के एंड प्वाइंट को ब्रिज के ऊपर ही रीडिजाइन किया जाएगा। लेकिन हादसे और जोखिम से बचने के लिए अतिरिक्त गर्डर लांच कर ब्रिज की मौजूदा चौड़ाई को करीब तीन फीट तक बढ़ाया जाएगा। इसके लिए रेलवे और पीडब्ल्यूडी विभाग के बीच सहमति बनने पर डीआरएम द्वारा रेलवे की कुछ जमीन पीडब्ल्यूडी विभाग को दिए जाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।
