
इंदौर. आम नागरिकों को प्रभावी पुलिसिंग मुहैया कराने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहे पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने हेतु इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शुरू किए गए साप्ताहिक पुरस्कार कार्यक्रम के तहत मंगलवार को 23 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. पुलिस कमिश्नर ने सभी को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह कार्य करने के लिए प्रेरित किया.
पलासिया स्थित कार्यालय में आयोजित समारोह में पुलिस कमिश्नर नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह ने शहर के अलग-अलग थानों से चयनित 23 पुलिसकर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया. इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे. उन्होंने पुरस्कृत पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास पुलिसिंग की गुणवत्ता को और सुदृढ़ करते हैं. इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह साप्ताहिक सम्मान कार्यक्रम उन पुलिसकर्मियों के लिए है, जो अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन कर नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. पुरस्कृत पुलिसकर्मियों और उनकी उपलब्धियां इस प्रकार रहीं: निरीक्षक मनोज सिंह सेंधव व उनकी टीम सउनि सुरेन्द्र सिंह रघुवंशी, प्रआर. अजीत यादव, प्रआर. नरेश ने शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर करीब 19 लाख रुपए के जेवरात बरामद किए. लसूड़िया थाना: प्रआर. प्रणीत भदौरिया, प्रआर. रवि यादव, आर. आनंद जाट और आर. आकाश त्रिवेदी ने महिला से हुई चेन स्नेचिंग का खुलासा करते हुए आरोपी को लूटी गई सोने की चेन सहित पकड़ा. थाना विजय नगर: सउनि अनिल पाठक, प्रआर. रामशंकर सोनी, आर. हाकिम सिंह, आर. प्रदीप सिंह सेंगर ने रात्रि गश्त के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल सहित आरोपी को पकड़ा. थाना बाणगंगा: निरीक्षक सियाराम गुर्जर और उनकी टीम आर. हीरामणी मिश्रा, आर. मालाराम सिंह, आर. रामकुमार त्यागी ने 20 हजार रुपए के इनामी घोषित आरोपी आशीष पांडे को गिरफ्तार किया, जो तीन थानों की तलाश में था. थाना अन्नपूर्णा: प्रआर. जितेंद्र सोलंकी, आर. ऋषिकेश रावत ने चेकिंग के दौरान चोरी की स्कूटी सहित एक आरोपी को दबोचा. थाना सराफा: आर. गौरव डांडे ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई. यातायात प्रबंधन पुलिस: उनि. दिनेश कुमार गौड, आर. पवन अंब, आर. नरेन्द्र सिंह, आर. प्यारेलाल ने चाणक्यपुरी चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल और एक संदिग्ध को पकड़ा.समारोह के अंत में पुलिस आयुक्त ने सभी पुरस्कृत पुलिसकर्मियों को भविष्य में और अधिक जोश व समर्पण के साथ कार्य करने हेतु शुभकामनाएं दीं.
