इजरायल का अस्पताल पर हमला‘युद्ध अपराध’ है: ईरान

तेहरान 17 जून (वार्ता) ईरान ने केरमानशाह स्थित फराबी अस्पताल पर इजरायल के हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और ‘युद्ध अपराध’ करार दिया है।

ईरान प्रशासन की प्रवक्ता फतेमेह मोहजेरानी ने कहा है कि केरमानशाह में फराबी अस्पताल पर इजरायल का हमला उसकी क्रूरता का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इजरायल ने सोमवार को स्थानीय समयानुसार लगभग नौ बजे फराबी अस्पताल पर मिसाइल से हमला किया था। हमले से अस्पताल को भारी नुकसान हुआ। अस्पताल के कई उपकरण नष्ट हो गये और खिड़कियों के टूटने से कई वार्डों में मरीज़ों को चोटें आयीं।

हमले के तुरंत बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एस्माइल बाकेई ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इजरायल के इस कदम को अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन और युद्ध अपराध करार दिया। श्री बाकेई ने कहा, “ इजरायली हमलवारों ने ईरान के पश्चिमी क्षेत्र केरमानशाह में फराबी अस्पताल को निशाना बनाया है। ”

उन्होंने कहा कि कथित तौर पर इजरायल के रक्षा मंत्री के निर्देश पर अस्पतालों और आवासीय क्षेत्रों पर हमला करना अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन और युद्ध अपराध है।

इस बीच, केरमानशाह प्रांत के गवर्नर जनरल ने आपातकालीन सेवायें निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया है।

संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत सईद इरावानी ने कहा कि इजरायल ने जानबूझकर महत्वपूर्ण नागरिक और आर्थिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि इजरायल के हमलों से बुशहर में असालुयेह रिफाइनरी समेत जल भंडारण, ईंधन डिपो और पेट्रोकेमिकल सुविधायें प्रभावित हुईं। अस्पतालों पर भी हमला हुआ। ये युद्ध अपराध हैं।

गौरतलब है कि इजरायल ने शुक्रवार की रात बिना किसी उकसावे के ईरान पर हमले शुरू कर दिये। हमले में रिहायशी इमारतों को भी निशाना बनाया गया। लक्षित हमलों में शीर्ष ईरानी सैन्य अधिकारी और परमाणु वैज्ञानिक मारे गये। घरों पर सीधे हमले में नागरिक हताहत हुये और आबादी वाले इलाके भी बुरी तरह से प्रभावित हुये।

गौरतलब है कि ईरान के शीर्ष नेता अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई ने अपने शीर्ष कमांडरों की मौत के बाद उसी दिन नये सैन्य कमांडरों की नियुक्ति कर दी थी और कहा कि इजरायल को हमलों की भारी कीमत चुकानी होगी और हम इजरायल को अंधकार में डूबों देंगे। इजरायल के हमले के बाद ईरान ने भी ड्रोन और मिसाइल से ताबडतोड़ हमले शुरू कर दिये। ईरान ने इजरायल के तेल अवीव, यरुशलम, हाइफा शहरों और अन्य लक्ष्यों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया।

ईरान ने कहा है, “ हम इजरायल के लिये नर्क के द्वार खोल देंगे।”

गौरतलब है कि इजरायल में जीवन ठहर सा गया है, क्योंकि बड़ी संख्या में इजरायली नागरिकों ने पूरा दिन भूमिगत आश्रय स्थलों में बिताया।

ईरान के अधिकारियों ने कहा है कि जब तक जरूरी रहेगा, उनका मिशन लगातार चलता रहेगा।

Next Post

फिल्म 'सैयारा' का तीसरा गाना 'तुम हो तो ' रिलीज

Tue Jun 17 , 2025
मुंबई, 17 जून (वार्ता) यशराज फिल्म्स (वाईआरएफ) और मोहित सूरी की रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’ का तीसरा गाना ‘तुम हो तो ‘ आज रिलीज हो गया है। टाइटल ट्रैक सैयारा और जुबिन नौटियाल द्वारा गाया गया रोमांटिक गाना बर्बाद के बाद अब फिल्म सैयारा का तीसरा गाना ‘तुम हो तो ‘ […]

You May Like

मनोरंजन